HINDUSTAN1ST : शिमला हिमाचल प्रदेश की राजधानी व यहाँ का सबसे मशहूर पहाड़ी इलाक़ा है। यह अपनी हैरान करने वाली सुंदरता को चारों ओर बिखेरता है। शायद तभी लोग इसके दीवाने हैं! इसके दीवानेपन ने यात्रियों को अपनी तरफ खींच के रखा है। अब चाहे पकड़ कमज़ोर भी हो जाए पर इसके प्रति मोह जन्म-जन्मांतर तक बना रहेगा। शिमला पर्यटन स्थल हर साल भारी भीड़ को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यहाँ का वातावरण आपको कैद करके रखेगा जिससे आप खुद भी नहीं निकलना चाहेंगे। ऐसी कैद भी शायद ही किसी के नसीब में हो तो मौका गवाना बेवकूफियत होगी और ऐसी बेवकूफी कोई भूलकर भी नहीं करना चाहेगा। शिमला में 10 पर्यटन स्थल है
- समर हिल्स
हरियाली युक्त पहाड़ जो आपको बेहद शोभित नज़ारा देगा जिससे आँखें चार किए बिना आप रह नहीं पाऐंगे। सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक हर पल का नज़ारा आपके अंतःमन को लुभावना लगेगा। अपनी अनकही सुंदरता को बयान करते ये शांत पहाड़ आपके मन की हलचल को भी कुछ पल के लिए ठहरा देंगे। आप यहाँ प्रकृति के आँचल में आकर अपने मन की हर व्यथा से लड़ना भूल जाऐंगे। इसकी अपार सुंदरता आपके दिन को सँवार देगी और आप इसमें कहीं लिप्त होते नज़र आऐंगे।
- द स्केंडल पॉइंट
चारों ओर बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच स्थित यह समतल क्षेत्र पर्यटकों का आकर्षक केंद्र है। पहाड़ों से प्रेम करने वालों को यह जगह बेहद रास आएगी। आप यहाँ बैठकर सूरज को ढलते हुए देख पाऐंगे और इस दृश्य को आप कैमरे में कैद करके सँजो भी सकते हैं। घाटी के सुंदर नज़ारों का लुत्फ़ उठाते हुए आप अपनी यात्रा को पूरा कर सकते हैं और आपको यहाँ आकर एक पल के लिए भी निराश नहीं होना पड़ेगा। इतनी सुंदरता एक साथ देखकर कोई भला कैसे मुँह मोड़ सकता है।
- द शिमला स्टेट म्यूज़ियम
ब्रिटिश वास्तुकला से उकेरा गया यह संग्राहलय शिमला के प्राचीन सभ्यता व संस्कृति का प्रतीक है। शैक्षिक दृष्टि से भी यह लोगों के बीच प्रचलित है। यहाँ मौजूद कलात्मकता जैसै चित्र कला, मूर्तियां व हस्तशिल्प लोगों को यहाँ की संस्कृति के बारे में अधिक जानने के लिए प्रेरित करती हैं। इन सभी चीज़ों को शताब्दियों से सँजो के रखा गया है ताकि आगे की पीढ़ियाँ राज्य के इतिहास को भलीभाँति जान सके। किताबी कीड़ों के लिए यहाँ एक लाईब्रेरी भी है जहाँ आप आराम से बैठकर अपने ज्ञान में बढ़ोत्तरी कर सकते हैं।
- चाडविक फॉल्स
इस नाम की उत्पत्ति “चिडकू झार” से हुई है जिसमें चिडकू का अर्थ है- गौरैया व झार का अर्थ है- झरना। स्थानीय लोगो का कहना है कि केवल गौरैया ही इतने ऊँचे झरने तक पहुँच सकती है इसलिए इसका ये नाम पडा। बहुत घने देवदार के पेड़ों से लबरेज़ यह झरना यात्रियों को बेहद आकर्षित करता है। लोग यहाँ अपनी यात्रा को रोमांचक बनाने आते हैं। यह झरना करीब 100 मीटर की ऊँचाई से गिरता है। पहाड़ों से गिरता स्वच्छ व शुद्ध पानी पत्थरों पर जब गिरता है तो लगता है जैसे अपने तीखे बहाव से ये पत्थरों को काट देगा।
- मॉल रोड
खरीदारी का शौक रखने वालों का यहाँ हर वक्त जमावड़ा रहता है। चहल -पहल, शोरगुल, गरम कपड़े, खूबसूरत हस्तशिल्प, सभी वस्तुऐं आपको उचित दामों में मिल जाएगी। घूमने-फिरने के बाद आप यहाँ आकर अपने इकट्ठे किए गए पैसों को अच्छी चीज़ों पर खर्च कर सकते हैं। फरवरी का महीना यहाँ आने के लिए सबसे उचित समय है। लंबी-लंबी सड़कों पर सजी आकर्षक वस्तुओं की दुकानें आपको अपनी ओर खींचे बिना मानेंगी नहीं। यहाँ आकर शिमला की फोटो लेना बिल्कुल लाज़मी है।
- क्रिस्ट चर्च
अपनी अद्भुत वास्तुकला के लिए जाना जाने वाला यह चर्च उत्तर भारत का दूसरा सबसे प्राचीन चर्च है। अगर आप कुछ समय अकेले और शांति में बिताना चाहते हैं तो इससे बेहतर जगह कोई और नहीं हो सकती। अपनी धार्मिकता में लीन होने का यह बहुत अच्छा मौका है। इसका शांत माहौल ही पर्यटकों को यहाँ आने पर मजबूर करता है। शिमला दर्शनीय स्थल में इसे लोगों ने अपनी पसंद में शामिल किया है।
- हिमालयन बर्ड पार्क
पक्षियों से प्रेम करने वालों के लिए यह स्थान सबसे उचित है। यहाँ आपको जाने-पहचाने व कुछ अनदेखे पक्षियों को देखने का अवसर प्राप्त होगा। हर तरफ चिड़ियों की चहचहाट आपको भोर का स्मरण कराऐंगी जैसे हर सुबह चिडियाँ चहकती हुई जाती हैं। हरियाली युक्त वातावरण में आपको कुछ पक्षी पेड़ की शाखाओं पर दिखेंगे व कुछ आपस में बात करते व कुछ अपने बच्चों के साथ समय बिताते हुए। आप यहाँ आकर मंत्र मुग्ध हो जाऐंगे। आपको यहाँ हिमाचल प्रदेश का स्थानीय पक्षी व हिमालयन मोनल देखने को भी मिलेगा।
- कुफरी
शिमला के पास स्थित यह स्थान भी एक छोटा पहाड़ी इलाक़ा है जहाँ यात्री मुख्य रूप से हाईकिंग, ट्रैकिंग आदि जैसी रोमांचित गतिविधियों के लिए लोकप्रिय है। लोग यहाँ अपनी यात्रा को रोमांचित करने आते है। शिमला की बर्फबारी देखने का मौका भी आपके हाथ लगेगा। ये जगह प्राकृतिक बगीचों व पिकनिक स्पॉट के तौर पर भी प्रसिद्ध है। अप्रैल से जून का समय व दिसंबर से फरवरी का समय यहाँ आने का सबसे उचित समय है ताकि आप बर्फबारी के समय स्किइंग का लुत्फ़ उठा सकेंगे।
- लक्कड़ बाज़ार
यह बाज़ार लकड़ी से बनी वस्तुओं के लिए मशहूर है। अगर आप शिमला आऐं हैं और अपने साथ यहाँ की कुछ स्थानीय वस्तुओं को स्मृति के तौर पर अपने साथ ले जाना चाहते है तो यहाँ से आप अपनी पसंद की वस्तु ले जा सकते हैं। बच्चों के लिए लकड़ी से बने खिलौने लेना भी अच्छा विकल्प है। स्थानीय भोजन का स्वाद चखने के लिए आप यहाँ आ सकते हैं।
- किआला फॉरेस्ट
वन्य जीवन से लगाव रखने वालों व प्रकृति प्रेमियों के बीच यह स्थल आकर्षण का केंद्र है। घना व हरा जंगल जहाँ आपको कुछ पशु भी घूमते फिरते नज़र आ जाऐंगे। शिमला की कोठकाई घाटी के पास स्थित यह जंगल सिर्फ स्थानीय लोग ही नहीं बल्कि बाहरी इलाकों के लोगों भी बहुत मशहूर है। यहाँ कुछ खूबसूरत रैज़ॉर्ट है जहाँ आप ठहर सकते हैं और यहाँ से आप एक सुंदर नज़ारा भी देख पाऐंगे।