HARYANA1ST : हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की एक टीम ने कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) हिसार के एक क्लर्क को शिकायतकर्ता से 4000 रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। वहीं, ACB पंचकूला ने शाखा प्रबंधक, ESI हिसार पर भी आधिकारिक ड्यूटी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिसार इंडस्ट्रियल एरिया 9/11 से पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ESI हिसार में क्लर्क के पद पर तैनात कृष्ण के रूप में हुई है। आरोपी को हिसार जिले के निवासी जय भगवान की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता जय भगवान ने ACB पंचकूला से संपर्क कर आरोप लगाया था कि दोनों आरोपी उसकी धर्मपत्नी के मातृत्व लाभ जारी करने के एवज में 10,000 रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
ACB ने गठित की टीम
पंचकूला ACB के डीएसपी शरीफ सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता जय भगवान की पत्नी डीसीएम मिल में नौकरी करती थी। उसे मैटरनिटी के करीब 82 हजार रुपए मिलने थे। परंतु क्लर्क ने उससे 10 हजार रुपए रिश्वत की डिमांड की। जय भगवान ने इसकी रिकार्डिंग भी कर ली।
500 के नोट शिकायतकर्ता को दिए
सुबह करीब 11 बजे एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे 500-500 के दस हजार रुपए दिए। पांच हजार क्लर्क और पांच हजार मैनेजर को देने थे। शिकायतकर्ता जय भगवान को क्लर्क कृष्ण मिला तो उसने 4 हजार रुपए दे दिए। जबकि मैनेजर उसे नहीं मिला। इसके बाद उसने ACB को इशारा कर दिया। ACB ने इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर 9/11 में रेड करके आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। DSP शरीफ सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने की प्रकिया चल रही है। जल्द ही मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।(सूत्र इंटरनेट)