HARYANA1ST : हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर के महेंद्रगढ़ जिले में जनसंवाद पर फिर बवाल मच गया है। CM ने कल महेंद्रगढ़ के गांव सिहमा को उप तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। इसका पता चलते ही गांव दोगड़ा अहीर के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वह शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। उनका कहना है कि उनका गांव दोगड़ा अहीर सिहमा से बड़ा है, इसलिए उसे भी उप तहसील बनाया जाना चाहिए। खास बात यह है कि CM मनोहर रात को इसी दोगड़ा अहीर गांव में रुके हुए थे। गुस्साए ग्रामीणों ने CM के घेराव का ऐलान कर दिया। इलाके के विधायक उन्हें मनाने आए तो ग्रामीणों ने उनका भी जमकर विरोध कर बैरंग लौटा दिया। इसका पता चलते ही CM मनोहर ने दोगड़ा अहीर के लोगों को बातचीत के लिए बुलाया। इस दौरान CM ने कहा कि अधिकारियों से सीहमा को उपतहसील बनाने संबंधी फिजिबिलिटी रिपोर्ट अधिकारियों से मांगी थी। अधिकारियों ने उनको सही फिजिबिलिटी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं करवाई। उन्हें नहीं पता था कि दोगड़ा अहिर की भी ऐसी मांग है। अब वे दोनों गांव की फिजिबिलिटी रिपोर्ट मंगवाएंगे। जिस गांव की रिपोर्ट सही होगी, उसी को ही उपतहसील बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अटेली विधानसभा में जब भी जनसंवाद कार्यक्रम होगा वह इसकी घोषणा कर देंगे। जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध बंद कर दिया। इस मीटिंग में अटेली के विधायक सीताराम यादव भी मौजूद रहे।
ग्रामीण CM से मिलने नहीं गए
उप तहसील ने बनाए जाने के विरोध के चलते गुरुवार रात को CM से गांव का कोई शख्स मिलने नहीं गया। शुक्रवार सुबह गांव के लोग और महिलाएं उनके प्रवास निवास के बाहर विरोध करने पहुंच गए। जहां पर मुख्यमंत्री ठहरे थे। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि मुख्यमंत्री के बाहर निकलते ही वे उनका घेराव करेंगे।
माहौल तनावपूर्ण
वहीं तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के घेराव की सूचना मिलते ही DG सीआईडी आलोक मौके पर पहुंचे। पुलिस बल भी बुला लिया गया। महिलाओं की संख्या भी ज्यादा होने के कारण महिला पुलिस बल भी मौके पर बुला लिया गया है। SP विक्रांत भूषण पहले से प्रदर्शन स्थल पर मौजूद हैं। वे खुद लोगों के बीच जाकर उनको समझा रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं।(सूत्र इंटरनेट)