PUNJAB1ST : पंजाब के अबोहर की जम्मू बस्ती में शादी समारोह में दोनों पक्षों के बीच दहेज की मांग को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते समारोह स्थल पर माहौल गरमा गया। इस बीच दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इस बीच बारात को बैरंग लौटना पड़ा।
जानकारी अनुसार फाजिल्का निवासी राहुल की शादी जम्मू बस्ती में रमेश कुमार की बेटी से होनी तय हुई थी। शादी के लिए धूमधाम से बारात पहुंची व बाराती खुशी में झूम रहे थे। यहां तक कि लावां फेरे भी हो चुके थे, लेकिन जब दुल्हन की रवानगी का समय आया तो लड़के वालों ने दहेज की मांग करनी शुरू कर दी, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद पैदा हो गया। इसके बाद माहौल तनाव पूर्ण हो गया।
लड़का पक्ष ने जमकर मचाया उत्पात
इस दौरान जमकर ईंट पत्थर बरसने शुरू हो गए। डीजे को तोड़ दिया गया। उधर, लड़की के भाई नसीब का आरोप है कि लड़के वालों ने दहेज की मांग करनी शुरू कर दी, जिस कारण दोनों में इस बात को लेकर झगड़ा हो गया। लड़के वालों ने जमकर उत्पाद मचाया व उसे और उसकी दादी लक्ष्मी को घायल कर दिया।
धरे रह गए दूल्हा-दुल्हन के अरमां
जिन्हें यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर, दोनों पक्षों में हुए विवाद के कारण दूल्हा-दुल्हन के अरमां धरे रहे गए और बारात को बैरंग लौटना पड़ा। उधर, नगर थाना प्रभारी परमजीत कंबोज से बात करने पर उन्होंने कहा कि उनके पास इस तरह की शिकायत आई है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया गया उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।(सूत्र इंटरनेट)